वाराणसी में बारिश बनी काल! पुरानी दीवार ढही, मलबे में दबकर पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार भोर एक दर्दनाक हादसे में पुरानी दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

मृतकों की पहचान रवींद्र नाथ मिश्रा (60) और उनकी पत्नी प्रतिमा (55) के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से झारखंड के डुमरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपती रोजाना छत पर सोते थे, लेकिन सोमवार रात बारिश के कारण उन्होंने खुले में प्लास्टिक लगाकर ठेले पर सोने का फैसला किया। इसी दौरान भोर में लगातार बारिश के बीच बगल की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर जा गिरी। मलबे में दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दंपती के दो पुत्र हैं। एक पुत्र सुधीर मुंगेर, बिहार में रहता है, जबकि दूसरा पुत्र आनंद चांदपुर मार्ग पर बाटी-चोखा की दुकान लगाता है।

घटना की जानकारी मिलते ही मंडुआडीह प्रभारी निरीक्षक और एसीपी रोहनिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page