
वाराणसी। वाराणसी के मण्डुवाडीह में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फरार चल रहे आरोपी की तलाश में जुटी मण्डुवाडीह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की और उसे बीएलडब्ल्यू रोड स्थित महिला महाविद्यालय के गेट के पास से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू गिरी उर्फ अनिकेत गिरी (22 वर्ष), निवासी शिवदासपुर नई बस्ती गोस्वामी नगर, मण्डुवाडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुवार, 19 नवंबर को सुबह करीब 10:05 बजे यह गिरफ्तारी की।
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर मण्डुवाडीह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0378/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऑपरेशन चक्रव्यूह में पुलिस की घेराबंदी
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन और एसीपी रोहनिया के नेतृत्व में मण्डुवाडीह पुलिस ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक खुशबू कुमारी, हेड कांस्टेबल दयाशंकर शर्मा और कांस्टेबल धर्मवीर भारती शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है।
