काशी में रातभर झमाझम बारिश! सड़कों पर सैलाब, नाले-सीवर उफनाए, स्कूल जाने से रोके गए बच्चे

वाराणसी। महादेव की नगरी काशी में रातभर हुई झमाझम बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद सुंदरपुर चौराहे से डीएवी पीजी कॉलेज रोड तक सड़कें पानी से लबालब भर गईं। कई स्थानों पर नाले और सीवर ओवरफ्लो होने से सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं।

सुबह होते-होते हालात इतने बिगड़ गए कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रास्ते में ही रोकना पड़ा। जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पानी में वाहन बंद होने से लोगों को सड़क पर ही परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीरों को घुटनों तक भरे पानी के बीच रास्ता तय करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही क्षेत्र के नाले और सीवर जवाब दे जाते हैं। जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुकानदारों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

सुबह के समय जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। कई लोग अपने वाहनों को पानी में उतारने से बचते नजर आए, जबकि जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

काशी में हुई इस मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहर की नाला-सीवर और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

TOP

You cannot copy content of this page