
पुलिस की घेराबंदी देख फायरिंग कर भागने लगा आरोपी, जवाबी कार्रवाई में दबोचा गया; साथी जंगल में फरार
वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के चर्चित एमएससी छात्रा श्रेया हत्याकांड में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुनीत मिश्रा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार तड़के करीब तीन बजे राजातालाब थाना क्षेत्र में क्राइमब्रांच और राजातालाब पुलिस की संयुक्त टीम की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पुनीत के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक समेत जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, क्राइमब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्रेया हत्याकांड में वांछित पुनीत मिश्रा अपने एक साथी के साथ राजातालाब इलाके से निकलने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस टीम को दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक गोली पुनीत मिश्रा के पैर में लगी और वह बाइक से गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर जंगल की तरफ भाग निकला।
घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पूछताछ में सामने आया हत्या की साजिश का कनेक्शन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में श्रेया हत्याकांड को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोप है कि एमएससी की छात्रा श्रेया की हत्या की साजिश में पुनीत मिश्रा की मुख्य भूमिका थी और उसने अपने साथियों को वारदात को अंजाम देने के लिए लाखों रुपये का लालच दिया था।
अब पुलिस इस पूरे मामले में मनी ट्रेल, कॉल डिटेल और आरोपियों के आपसी संपर्क की जांच कर रही है। पुलिस फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। उसके पकड़े जाने के बाद हत्या की साजिश, मकसद और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े कई राज खुलने की उम्मीद है।
श्रेया हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर फरार साथी और उस पूरी साजिश के नेटवर्क पर है, जिसने एक होनहार छात्रा की जिंदगी छीन ली।
