
सिंधोरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में रविवार देर रात तेज रफ्तार अमूल डेयरी की बोलेरो की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी-जौनपुर मार्ग जाम कर प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। उप जिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा के मौके पर पहुंचकर एक माह के भीतर 5 लाख रुपये की सहायता दिलाने का आश्वासन और जाम में शामिल लोगों पर मुकदमा दर्ज न करने का भरोसा देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मृतक जयप्रकाश विश्वकर्मा (35) पुत्र मगन विश्वकर्मा बढ़ई और फर्नीचर कारीगर थे। वह पिंडरा बाजार के आर्यनगर मोहल्ले में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात करीब एक बजे वह कमरे से बाहर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अमूल बोलेरो ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक मैजिक वाहन में टक्कर मारी और फिर जयप्रकाश को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जयप्रकाश अपने पीछे पत्नी, सात और चार वर्ष की दो बेटियों, पिता तथा छोटे भाई को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। लोक जैन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य अर्चना पटेल, समाजसेवी अवधेश राय उर्फ गोलू और ग्राम पंचायत सदस्य गुफरान खान ने पीड़ित परिवार को अधिक मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अमूल के वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सूचना पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने पीड़ित परिवार को शासन से एक माह के भीतर 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया और वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
