
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी टीम ने जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त श्रीमती अंबिका को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 15 जुलाई 2026 को चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास की गई।
जानकारी के अनुसार, ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्रा. लि. के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने शिकायत की थी कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और कर निर्धारण (आकलन) से संबंधित फाइल के स्पष्टीकरण एवं निस्तारण के लिए उपायुक्त द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर शिकायतकर्ता के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय उपायुक्त अंबिका को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान थाना, वाराणसी सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन 9454401866 एवं 9454401222 पर की जा सकती है।
