हरहुआ के पंचक्रोशी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

अपने ससुर के लिए मिठाई लेने गए थे बाजार में, पत्नी निकली थी पंचक्रोशी यात्रा पर

हरहुआ (काशीवार्ता) वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत वाजिदपुर पंचक्रोशी मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक राजेश यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाजिदपुर निवासी राजेश यादव पेशे से ट्रक चालक थे। मंगलवार सुबह घर आए रिश्तेदार के लिए मिठाई लेने वह रिंग रोड चौराहे गए थे। मिठाई लेकर बाइक से घर लौटते समय घर से लगभग 100 मीटर पहले मिठाई का पैकेट सड़क पर गिर गया।
पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने आवाज देकर इसकी जानकारी दी। बताया जाता है कि राजेश ने चलती बाइक पर पीछे मुड़कर देखने का प्रयास किया, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे स्थित दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी पंचक्रोशी यात्रा पर थीं
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि मृतक की पत्नी सुनीता यादव पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पंचक्रोशी यात्रा पर निकली थीं। यात्रा के दूसरे पड़ाव भीमचंडी से आगे बढ़ते हुए वह मंगलवार सुबह तीसरे पड़ाव रामेश्वर की ओर जा रही थीं।
भैरवनाथ मंदिर के पास पहुंचने पर उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। खबर सुनते ही वह बिलख पड़ीं, जिसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए।
15 दिन बाद घर लौटे थे राजेश
परिजनों ने बताया कि राजेश यादव 15 दिन बाद घर लौटे थे और मंगलवार शाम को फिर ड्यूटी पर जाने वाले थे। वह सात भाई-बहनों में छठवें नंबर पर थे और ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्र — लकी यादव (17) तथा गोलू यादव (15) — को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में मातम छा गया।

TOP

You cannot copy content of this page