वाराणसी में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बावजूद बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा धाम परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंदिर परिसर के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। जहां वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां बड़े मटकों में शीतल जल की व्यवस्था की गई है। मंदिर कर्मी लगातार श्रद्धालुओं को गिलास के माध्यम से पानी उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओआरएस घोल और ग्लूकोज की भी व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से बचाने के लिए पूरे धाम परिसर में जूट मैट बिछाई गई है। दर्शन मार्ग पर छाया के लिए जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। गर्मी कम करने और वातावरण को शीतल बनाए रखने के लिए मिस्ट फैन भी लगाए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए धाम परिसर में आरोग्य केंद्र, एंबुलेंस और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी वाले दोपहर के समय दर्शन के लिए आने से बचें और घर से पर्याप्त पानी एवं भोजन ग्रहण कर ही यात्रा शुरू करें। विशेष रूप से वृद्ध, अशक्त और अस्वस्थ लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
॥ श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम ॥
