वाराणसी। भीषण गर्मी और लू का असर अब लोगों की आंखों पर भी दिखाई देने लगा है। तेज धूप, गर्म हवाओं और धूल के कारण आंखों में जलन, लालिमा, खुजली, पानी आने और एलर्जी जैसी समस्याओं के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए आईएमए ने अस्पतालों के चिकित्सकों और आम लोगों को अलर्ट जारी किया है।
चिकित्सकों ने सलाह दी है कि आंखों में जलन या खुजली जैसी समस्या को नजरअंदाज न करें। दिन में कम से कम चार बार ठंडे और साफ पानी से आंखें धोएं। आंखों से लगातार पानी आने, लाली बढ़ने या चिपचिपा पदार्थ बनने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। खासकर बच्चों के मामले में बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्राप इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई है।
आईएमए ने लोगों को तेज धूप और लू से बचाव के लिए काला चश्मा, टोपी और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी है। स्कूल जाने वाले बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाने पर भी जोर दिया गया है।
रविवार को वाराणसी के विभिन्न अस्पतालों में आंखों की समस्या से पीड़ित सैकड़ों मरीज पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया और आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
