
वाराणसी। सोमवार को सोशल मीडिया पर बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में प्लेटफॉर्म पर लगे पंखों के पास से बारिश का पानी तेज़ी से गिरता दिखाई दे रहा है, जिससे ऐसा लग रहा था मानो प्लेटफॉर्म पर झरना बह रहा हो। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे।
मामले की पुष्टि के लिए संबंधित आईओडब्ल्यू (Inspector of Works) से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के दौरान रेन वाटर पाइप में मंझा और पेड़ों की पत्तियां फंस जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई थी। इसी वजह से पानी प्लेटफॉर्म पर गिरने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेन वाटर पाइप की सफाई कर दी, जिसके बाद समस्या का समाधान हो गया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अब पानी की निकासी सामान्य रूप से हो रही है।
