काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में हादसा: PAC जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन लोग घायल

वाराणसी। धर्मनगरी काशी के सबसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के गेट नंबर-4 के पास ड्यूटी पर तैनात PAC के एक जवान की सरकारी कार्बाइन से अचानक दुर्घटनावश गोली चल गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी थी। अचानक कार्बाइन से फायर होने की आवाज सुनते ही परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, बल्कि उसके छर्रे पास में मौजूद तीन लोगों को लग गए, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात पुलिस और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, PAC जवान की सरकारी कार्बाइन से दुर्घटनावश फायर हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार्बाइन से गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना कैसे हुई।

समाचार लिखे जाने तक (शनिवार सुबह 9:00 बजे) इस मामले में वाराणसी पुलिस या किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

TOP

You cannot copy content of this page