
वाराणसी(काशीवार्ता)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार शाम ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौधरी कटरा के पास संचालित एक अवैध औषधि विक्रय प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ पेटी अवैध एवं संदिग्ध नकली दवाएं बरामद की गईं।जानकारी के अनुसार, औषधि निरीक्षक श्री चन्द्रेश द्विवेदी अपनी टीम के साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध दवाएं मिलने पर टीम ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।मौके पर मंडुवाडीह पुलिस भी मौजूद रही और औषधि निरीक्षक टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान संदीप श्रीवास्तव को हिरासत में लिया गया। औषधि निरीक्षक द्वारा उपलब्ध कराई गई फर्द के आधार पर मंडुवाडीह पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।अधिकारियों के अनुसार, बरामद दवाओं की जांच कर उनके प्रकार, गुणवत्ता तथा स्रोत का पता लगाया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
