अंबेडकरनगर में STF मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की ढेर

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने सोमवार (7 जुलाई 2026) को अंबेडकरनगर जिले के बिवाना थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को मार गिराया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल आसिफ को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र वाबू उर्फ मजहर, निवासी मकनपुर, थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। एसटीएफ ने उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवारों को बंधक बनाकर डकैती डालता था। विरोध करने पर वह अपने साथियों के साथ हत्या करने से भी नहीं हिचकता था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के 21 से अधिक मुकदमे दर्ज थे।

आसिफ वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती और दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस घटना में डकैती के दौरान परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें स्वाति और सुमन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके अलावा वह वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में हत्या के बाद डकैती, वर्ष 2015 में कौशांबी में दंपती की हत्या कर डकैती तथा मुजफ्फरनगर में कई घरों में सिलसिलेवार डकैतियों का भी वांछित आरोपी था। वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

एसटीएफ के अनुसार आसिफ लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसकी मौत के साथ कई चर्चित मामलों की जांच और अभियोजन को महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page