
रामनगर (वाराणसी)। रामनगर का ऐतिहासिक दो दिवसीय रथयात्रा मेला गुरुवार शाम पारंपरिक शाही वैभव के साथ प्रारंभ हो गया। काशी राज परिवार के अनंत नारायण सिंह ने शाम 5:45 बजे रामबाग से ठाकुर जी के रथ की रस्सी खींचकर विधिवत रथयात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद “जय कन्हैया लाल की” और “हाथी-घोड़ा-पालकी” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने रथ को आगे बढ़ाया।
रथयात्रा शुरू होने के कुछ ही देर बाद पोखरा तिराहे के पास रथ के पहिए का लोहे का घेरा निकल जाने से यात्रा करीब आधे घंटे के लिए रोकनी पड़ी। दुर्ग के कर्मचारियों ने तत्काल दूसरा पहिया लगाकर रथ को पुनः यात्रा के लिए रवाना किया।
रथयात्रा रामनगर चौक, सब्जी मंडी और 36वीं वाहिनी पीएसी परिसर से होते हुए शाम लगभग सात बजे किला रोड स्थित अयोध्या जी मैदान पहुंची। यात्रा के दौरान बनारस स्टेट के ध्वजवाहक, घुड़सवार, नगाड़ा वादक, डमरू बजाते श्रद्धालु तथा पीएसी बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। भक्तिमय धुनों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ के साथ चलते रहे। काशी राज परिवार के अनंत नारायण सिंह भी पैदल रथ के पीछे-पीछे शामिल रहे।
अयोध्या जी मैदान पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन-पूजन किए। परंपरा के अनुसार काशी राज परिवार से जुड़े ए.पी. सिंह, बलराम यादव, चौधरी पिंटू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग रथयात्रा में शामिल हुए। मेले में अयोध्या जी परिसर के आसपास सजी विभिन्न प्रकार की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
