वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे और नगदी के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नवलपुर बसही निवासी उषा देवी, जो मूल रूप से सिंधौरा थाना क्षेत्र के मंगारी गांव की रहने वाली हैं, बसही स्थित एक चिकित्सक के यहां दाई के रूप में कार्यरत हैं। वह नवलपुर स्थित अपने मकान में किराये पर रहती हैं। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। करीब ढाई घंटे बाद जब दोपहर लगभग 12 बजे वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। आलमारी में रखी नगदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। पीड़िता के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने शिवपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
