
डीआरएम आशीष जैन ने मृतक रेलकर्मी की पत्नी को सौंपा चेक, रेलवे सैलरी पैकेज के तहत मिला भुगतान
वाराणसी, 10 अगस्त। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करते हुए रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया। सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम आशीष जैन ने दिवंगत रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह तथा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी मौजूद रहे। यह राशि भारतीय स्टेट बैंक की ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ के अंतर्गत गोल्ड इंश्योरेंस योजना के तहत प्रदान की गई है।
स्व. संतोष कुमार राय वाराणसी मंडल में कीमैन (ट्रैक मेंटेनर) के पद पर कार्यरत थे। सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान वे छपरा-थावे सवारी गाड़ी संख्या 75103 की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था। उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की श्रीनगर, सीवान शाखा में था।
रेल प्रशासन ने उनके निधन के बाद डीआरएम के निर्देश पर परिवार को मिलने वाले विभिन्न देयों और लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की। इसमें ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण, पारिवारिक पेंशन समेत नियमानुसार देय अन्य लाभ शामिल हैं।
डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि रेलकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। किसी कर्मचारी के असामयिक निधन की स्थिति में आश्रितों को मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित और सुगम निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।
कार्यक्रम में एसबीआई वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर कृष्ण मोहन पाण्डेय, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार, कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
