चौबेपुर -वाराणसी -(काशीवार्ता)-चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित बर्थरा कला गांव में घर पर भोजन करने आए तीन युवकों पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने अपने पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।बर्थरा कला निवासी संगीता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जून को उनका पुत्र संज्ञान सिंह उर्फ गोलू अपने मित्र अंश चौबे निवासी मुरीदपुर और अमन सिंह निवासी बर्थरा कला के साथ घर पर भोजन कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मिलकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी निकाल ली। घटना की जानकारी परिवार को उस समय हुई जब कुछ दिनों बाद अलमारी खोलने पर सामान गायब मिला।पीड़िता के अनुसार पूछताछ में बेटे ने बताया कि अलमारी से निकाले गए गहने और नकदी उसने अपने दोनों साथियों को दे दिए थे। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। चौबेपुर थाने के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
