
वाराणसी में मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण, राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से किया संवाद
वाराणसी, 5 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सलारपुर स्थित विद्याविहार इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया और बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए राहत सामग्री भी वितरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। संकट की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि वाराणसी के 16 वार्डों में 567 परिवार प्रभावित हैं और राहत एवं बचाव कार्य के लिए 48 नावें लगाई गई हैं। वहीं 1131 किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है, जिनके मुआवजे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ राहत शिविरों में बच्चों को दूध और फल के साथ अनाज, बाल्टी, मग, बिस्किट, नमक, तौलिया, तेल सहित 26 प्रकार की राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। चिकित्सा सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में उचित छिड़काव कराया जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकान गिरने, आकाशीय बिजली और सर्पदंश जैसी घटनाओं को भी आपदा में शामिल किया गया है। प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। बेघर हुए लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि वरुणा नदी में बैकफ्लो के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से पहले जहां बारिश और बाढ़ से 40-45 जिले प्रभावित होते थे, वहीं अब करीब 14 जिले ही प्रभावित हैं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने काशी में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी आज नई काशी के रूप में अपने नए कलेवर को संजो रही है। काशी विश्वनाथ धाम, घाटों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट, सड़क चौड़ीकरण और रिंग रोड जैसे विकास कार्यों ने काशी को नई पहचान और गरिमा प्रदान की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी जग्गू राम मौर्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने राहत शिविर का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
