आयुष्मान योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएचसी चोलापुर को प्रदेश स्तर पर सम्मान

चोलापुर क्षेत्र -आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत योजनाओं की उपलब्धियों, उत्कृष्ट कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोलापुर, वाराणसी को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्री-आथ एवं क्लेम इंसेंटिव के उत्कृष्ट उपयोग के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री ब्रजेश पाठक द्वारा प्रदान किया गया। सीएचसी चोलापुर की इस उपलब्धि को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सीएचसी चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आर. बी. यादव ने इस सम्मान को अस्पताल की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा जन-जन तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए टीम को निरंतर प्रेरित एवं मार्गदर्शित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम प्रतिबद्ध है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी, डॉ. एन. पी. सिंह ने सीएचसी चोलापुर के सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वाराणसी जनपद के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों को भी और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि पात्र लोगों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिल सके।

समारोह में सीएचसी चोलापुर की ओर से प्रशस्ति पत्र आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के जिला नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित सिंह, डॉ. जितेंद्र यादव एवं आयुष्मान मित्र श्री सुनील कुमार कनौजिया ने प्राप्त किया।

सीएचसी चोलापुर की इस प्रदेश स्तरीय उपलब्धि पर अस्पताल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है , इस सम्मान को भविष्य में और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा बताया।

TOP

You cannot copy content of this page