स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने का दिया संदेश

विंढमगंज (सोनभद्र)। विकास खंड दुद्धी के कम्पोजिट विद्यालय बुटबेढ़वा, विंढमगंज में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रधानाध्यापक राज कमल यादव एवं वरिष्ठ शिक्षिका अंजू रानी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।खंड शिक्षा अधिकारी दुद्धी प्रेमशंकर राम के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर बाजार, रामलीला मैदान, शिव मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र, मुस्लिम बस्ती तथा आसपास के विभिन्न मोहल्लों और गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान बच्चों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर शिक्षा का संदेश दिया और अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।
रैली के दौरान बच्चों ने “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” तथा “हम भी स्कूल जाएंगे, मम्मी-पापा का मान बढ़ाएंगे” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए समापन सभा को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराना अभिभावकों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।

TOP

You cannot copy content of this page