
लोहता। वाराणसी-भदोही मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार DCM ट्रक ने दो लोगों की जिंदगी छीन ली। लोहता थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरी में पीछे से आए बेकाबू DCM ने साइकिल सवार फल विक्रेता और पैदल जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान लोहता के भट्ठी गांव निवासी छेदी बारी (60) और बड़ी मस्जिद, लोहता निवासी राशिद जमाल (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि छेदी बारी साइकिल पर केले लेकर जा रहे थे और जगन्नाथपुरी में ठेले पर फल बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वहीं राशिद जमाल पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार DCM ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग लोहता थाने पहुंचे और फरार ट्रक चालक को जल्द पकड़ने की मांग की।
स्थिति की जानकारी मिलते ही एसीपी रोहनिया और मंडुआडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और फरार DCM की तलाश शुरू कर दी।
उधर, 60 वर्षीय छेदी बारी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है। छेदी के दो बच्चे हैं, जो बाहर रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार DCM और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
