
वाराणसी (काशीवार्ता)। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी सुभाषचंद्र सिंह ‘गुड्डू’ ने वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, भदोही, बलिया और सोनभद्र के स्नातक मतदाताओं से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्नातक उपाधि केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि परिश्रम, समर्पण और उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
कैथी निवासी सुभाषचंद्र सिंह ‘गुड्डू’ ने कहा कि छात्र जीवन से ही वह पूर्वांचल के विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों की सेवा एवं सहयोग में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी के दो महाविद्यालयों और दो विश्वविद्यालयों में छात्र राजनीति का नेतृत्व करते हुए छात्र हितों के लिए लगातार संघर्ष किया है। कहा कि युवा और स्नातक वर्ग देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, नवीन सोच और ज्ञान क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि समाज के मुद्दों के प्रति जागरूक रहते हुए बदलाव लाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। सुभाषचंद्र सिंह ‘गुड्डू’ ने कहा कि वह संवैधानिक रूप से जनता की सेवा करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरे हैं और स्नातक क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मतदाताओं से धर्म, जाति, क्षेत्र और ऊंच-नीच की भावना से ऊपर उठकर योग्य एवं अनुभवी प्रत्याशी के रूप में उन्हें समर्थन देने की अपील की।
