सारनाथ, वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के खालिसपुर इलाके में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात युवक ने वरुणा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
थाना प्रभारी सारनाथ के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि खालिसपुर के पास एक युवक वरुणा नदी की बीच धारा में डूब रहा है। स्थानीय लोगों ने उसे डूबते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटों तक नदी में युवक की तलाश की। हालांकि, वरुणा नदी में फैले गहरे दलदल और रात के बढ़ते अंधेरे ने रेस्क्यू अभियान में बड़ी बाधा पैदा कर दी। खराब परिस्थितियों के कारण सुरक्षा को देखते हुए देर रात अभियान को रोकना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, डूबने वाले युवक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
