
नालंदा (बिहार): बिहार के नालंदा में इन दिनों एक अनोखा कैफे लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वजह है इसका बेहद अलग और चौंकाने वाला नाम, ‘कॉकरोच कैफे’। नाम सुनते ही लोग हैरान हो जाते हैं, लेकिन यही अनोखी ब्रांडिंग अब इस कैफे की सबसे बड़ी पहचान बन गई है। दूर-दूर से लोग यहां सिर्फ खाने के लिए ही नहीं, बल्कि फोटो खिंचवाने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने भी पहुंच रहे हैं।
कैफे के संचालक का कहना है कि शुरुआत में लोग केवल नाम की वजह से यहां आते हैं, लेकिन स्वाद, गुणवत्ता और साफ-सफाई का अनुभव मिलने के बाद दोबारा भी लौटते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘कॉकरोच’ सिर्फ एक ब्रांडिंग आइडिया है, इसका खाने या स्वच्छता से कोई संबंध नहीं है। कैफे में हाइजीन के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाता है।
उधर, सोशल मीडिया पर इस कैफे को लेकर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं, “अगर खाने में कॉकरोच निकल भी जाए, तो शिकायत किस बात की? नाम तो पहले से ही बता रहा है!” वहीं कुछ लोग इसे मार्केटिंग का शानदार तरीका बता रहे हैं, जिसने कैफे को देखते ही देखते चर्चा का विषय बना दिया है।
फिलहाल, ‘कॉकरोच कैफे’ अपने अनोखे नाम और वायरल होती तस्वीरों व रीलों की वजह से बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग मान रहे हैं कि कभी-कभी एक अलग सोच और अनोखी ब्रांडिंग किसी भी कारोबार को रातोंरात सुर्खियों में ला सकती है।
