
वाराणसी, 3 अगस्त। सावन के प्रथम सोमवार पर काशी में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। परंपरा के अनुसार यादव समाज के हजारों श्रद्धालु यदुवंशी ध्वज के साथ बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और “जय यादव, जय माधव” तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
सुबह करीब 7 बजे आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग अपने परिवारों सहित शामिल हुए। श्रद्धालु यदुवंशी ध्वज लेकर बाबा के दरबार पहुंचे और भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर काशी के प्रथम नागरिक महापौर अशोक तिवारी भी उपस्थित रहे। उनके साथ अशोक यादव, इंजीनियर अशोक यादव, अनिल यादव, इंजीनियर सुबोध यादव (दिल्ली), मुकेश यादव, अर्जुन यादव, शिवांशु यादव, विनोद यादव, गप्पू जी, नीरू यादव (सरपंच), सीताराम यादव, दिनेश यादव तथा पारस यादव ‘पप्पू’ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गोवर्धन पूजा समिति, वाराणसी के पारस यादव ‘पप्पू’ ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करना यादव समाज की वर्षों पुरानी परंपरा है। इस अवसर पर समाज के हजारों लोगों ने एकजुट होकर बाबा का अभिषेक किया और समाज व राष्ट्र की खुशहाली की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान पूरा वातावरण शिवभक्ति और जयघोषों से गुंजायमान रहा।
