
नाविकों की तत्परता से गंगा में कूदकर बचाई गई जान
वाराणसी -(काशीवार्ता)- भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवाला घाट पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आंध्र प्रदेश से काशी दर्शन के लिए आए लगभग 15 तीर्थयात्री गंगा स्नान कर रहे थे, इसी दौरान कुछ लोग गहरे पानी में चले गए और तीन लड़कियां डूबने लगीं। अचानक हुई इस घटना से घाट पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े।
मौके पर मौजूद नाविकों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगाकर तीनों लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान एक लड़की की हालत कुछ समय के लिए गंभीर हो गई थी, जिसे नाविकों ने सीपीआर देकर संभाला, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई।
