मेले का झांसा देकर नाबालिग से दरिंदगी, पॉक्सो के दो वांछित आरोपी पुलिस के शिकंजे में

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार 19 जुलाई 2026 को क्षेत्र भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मेहदीगंज बस स्टॉप, रिंग रोड के पास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ गोलू (20 वर्ष) तथा राकेश कुमार पटेल उर्फ लूजे (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों नागेपुर गांव, थाना मिर्जामुराद के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री, जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, को दोनों आरोपी मेला दिखाने का झांसा देकर अपने साथ ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना मिर्जामुराद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में दोनों आरोपी काफी समय से फरार चल रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा, उपनिरीक्षक गणेश प्रसाद पटेल सहित मिर्जामुराद थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

TOP

You cannot copy content of this page