
वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के कंदवा शिवाजी नगर वार्ड नम्बर 19 में जलजमाव की समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने शुक्रवार को माण्डवी ऋषि जोन स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। लोगों ने बताया कि लंबे समय से जलजमाव के कारण आवागमन प्रभावित है और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम कार्यालय में मौजूद कर्मचारी ने कॉलोनीवासियों की बातचीत संबंधित अधिकारी से फोन पर कराई। अधिकारियों ने लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर मलबा गिराकर जलभराव खत्म कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई।
इस दौरान काशी नाथ पाण्डेय, राजीव शाही, शशांक तिवारी, सुमन, भरत कुमार, अरविंद कुमार गुप्ता और पीयूष पांडेय सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कॉलोनीवासियों ने जल्द से जल्द मौके पर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
