
वाराणसी (काशीवार्ता)। जनसेवा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के संकल्प के साथ 4 सितंबर 2004 को स्थापित गंगा सेवा सदन हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर ने सेवा, समर्पण और विश्वास के 22 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए। स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हॉस्पिटल परिसर में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों और मरीजों की मौजूदगी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में चेयरमैन राकेश मौर्य, डायरेक्टर डॉ. सुशीला मौर्य और डायरेक्टर डॉ. संकेत कुशवाहा ने 22 वर्षों की सेवा-यात्रा को याद किया। प्रबंधन ने मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों, कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं, शुभचिंतकों और काशीवासियों के प्रति आभार जताया।
चेयरमैन राकेश मौर्य ने कहा कि 22 वर्ष केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के विश्वास की बड़ी जिम्मेदारी हैं। वहीं डॉ. सुशीला मौर्य ने कहा कि सेवा-भावना आज भी संस्थान की कार्यप्रणाली का आधार है।
डॉ. संकेत कुशवाहा ने कहा कि बदलते चिकित्सा क्षेत्र के साथ आधुनिक सुविधाओं और मरीज-केंद्रित सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास ही 22 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। भविष्य में भी सेवा, समर्पण और विश्वास के मूल मंत्र के साथ गंगा सेवा सदन समाज की सेवा करता रहेगा।
