वाराणसी। थाना मंडुवाडीह कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए 12 वर्षीय बालक अंश को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 की रात सुनील पाल निवासी ठठरा, कछवा रोड, थाना मिर्जामुराद ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 12 वर्षीय पुत्र अंश अपनी नानी के घर सारनाथ जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस सक्रिय हो गई और बालक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने तत्काल सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चे की सूचना प्रसारित कर तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 4 सितंबर 2026 को करीब 10 बजे अंश को सारनाथ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद बच्चे को थाना सारनाथ लाया गया, जहां परिजनों को बुलाकर उसकी पहचान कराई गई और आवश्यक कार्रवाई के बाद अंश को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ एक परिवार की चिंता दूर हुई, बल्कि मंडुवाडीह पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता भी सामने आई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को सराहनीय कार्य बताया गया है। मामले में किसी आपराधिक इतिहास की जानकारी नहीं है।
