वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के भदंऊ चुंगी के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम धनराज विश्वकर्मा की ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बालक सड़क पार कर रहा था। तेज रफ्तार ट्रेलर (एनएल 01 एएच 2063) ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर को कुछ दूर खड़ा कर पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। आदमपुर पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कबीरचौरा स्थित मर्चरी भेज दिया। मृतक के पिता गोलू विश्वकर्मा चाकू-कैंची में धार लगाने का काम करते हैं और मोहल्लों में घूमकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पड़ोसियों के अनुसार परिवार कई वर्षों से सड़क किनारे पटरी पर रहकर जीवनयापन कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भदंऊ चुंगी पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फुटपाथ नहीं होने से सड़क किनारे रहने वाले परिवारों, विशेषकर बच्चों की जान हमेशा जोखिम में रहती है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतक धनराज अपने बड़े भाई आकाश विश्वकर्मा का छोटा भाई था। बेटे की मौत से मां रिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
