
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच आम लोगों, विशेषकर महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में चार पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में सिगरा थाने में धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन के सामने आने-जाने वाली महिलाओं से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची एंटी रोमियो टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार चार पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि दो महिलाओं के विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा मौके पर मिले चार अन्य पुरुषों को उनके परिजनों को बुलाकर कड़ी चेतावनी देने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, सहायक पुलिस आयुक्त तथा प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देशन में एंटी रोमियो टीम ने की। कार्रवाई में प्रभारी एंटी रोमियो टीम उपनिरीक्षक काजोल सिंह सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
