वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 सितंबर 2026 को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने शहर में ट्रैफिक डायवर्जन और एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मरीमाई, मलदहिया, साजन, सिगरा और रथयात्रा तक ऑटो-ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। महमूरगंज-आकाशवाणी-सिगरा तथा तेलियाबाग-लहुराबीर-मैदागिन-विश्वेश्वरगंज मार्ग पर भी ऑटो-ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
इसी अवधि में इंग्लिशिया लाइन से साजन और फूलमंडी से मलदहिया के बीच भी ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। अम्बेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सिगरा, भोजूबीर, यूपी कॉलेज, लहुराबीर, कचहरी और पुलिस लाइन की ओर भी इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू जाने वाले ऑटो-ई-रिक्शा सिगरा-रथयात्रा के बजाय लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग से जाएंगे। वहीं मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक वाहनों को एयरपोर्ट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
हरहुआ ओवरब्रिज पर बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को ऊपर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की ओर भेजा जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आ सकेंगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और जरूरी होने पर अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
