
वाराणसी। रामचरित मानस पर आधारित प्रसिद्ध रूपक के इस वर्ष के मंचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रूपक के प्रमुख पात्रों में राम, लक्ष्मण, शत्रुघ्न, केवट, अंगद और जटायु की भूमिकाओं के लिए नए कलाकारों का चयन किया गया है। इन कलाकारों को अभिनय, संवाद और मंचन की बारीकियां सिखाने का काम लगातार चल रहा है।
प्रतिदिन कार्यालय में शाम 5 से 7 बजे तक दो-दो पात्रों को बुलाकर उन्हें उनकी भूमिका का अभ्यास कराया जा रहा है। कलाकारों को पात्रों के भाव, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के निदेशक एस.डी. सिंह के निर्देशन में यह प्रशिक्षण चल रहा है। गौरतलब है कि विजयादशमी के अवसर पर बरेका खेल मैदान में रामचरित मानस रूपक का भव्य नाट्य मंचन किया जाता है। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए हर वर्ष हजारों श्रद्धालु मैदान में पहुंचते हैं। इस बार नए कलाकारों और नई ऊर्जा के साथ मंचन को और आकर्षक बनाने की तैयारी है।
