
वाराणसी। BLW पहाड़ी गेट के बगल स्थित एकता नगर में पहले से बनी RCC सड़क को दोबारा तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को क्षेत्रीय लोगों ने प्रदर्शन और धरना दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पूरी तरह ठीक और महज तीन दिन पहले बनी थी, इसके बावजूद उसे तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, बाद में जिम्मेदारों की ओर से बताया गया कि सड़क गलती से तोड़ दी गई, जबकि सीवर पाइपलाइन का कार्य किसी दूसरी जगह किया जाना था। इसको लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
प्रदर्शन और धरने की सूचना पर जेई पूनम सिंह मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि हुई गलती को सुधार कराया जाएगा। सीवर पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर दोबारा RCC की ढलाई कराकर उसे पूर्व की स्थिति में लाया जाएगा।
ऐसे में महज तीन दिन पुरानी सड़क को तोड़े जाने से लोगों में चिंता और रोष है।
प्रदर्शन के दौरान साधना जायसवाल, सौरभ कुमार, राकेश, अरुण और योगेंद्र समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि सड़क वास्तव में गलती से तोड़ी गई है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? जनता के पैसे से बनी सड़क को नुकसान पहुंचाने के लिए कौन जिम्मेदार है और उसके पुनर्निर्माण का खर्च कौन उठाएगा? लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा सड़क का जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
