शिवपुर में चोरों का आतंक! कहीं रात के अंधेरे में सेंध, तो कहीं दिनदहाड़े चोरी, पुलिस के हाथ खाली

लगातार वारदातों से दहशत में लोग, घरों के ताले टूटे तो CCTV सिस्टम भी उखाड़ ले गए चोर; गश्त पर उठे सवाल

शिवपुर। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। चोर बेखौफ होकर कभी रात के अंधेरे में घरों को निशाना बना रहे हैं तो कभी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कई मामलों में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद चोरों का सुराग नहीं मिलने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

22 जुलाई को विश्वनाथपुरी कॉलोनी में बड़ी चोरी
विश्वनाथपुरी कॉलोनी निवासी सतपाल सिंह 22 जुलाई को अपने मूल घर गाजीपुर गए थे। दो दिन बाद लौटे तो घर के ताले और अलमारी टूटे मिले। सामान बिखरा पड़ा था। चोर करीब 40 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो चुके थे। घटना की शिकायत पर शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक अब तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

दिनदहाड़े घर में घुसे चोर, CCTV का पूरा सिस्टम उखाड़ ले गए

29 अगस्त को पिसौर में चोरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया। अभिषेक पांडेय जरूरी काम से घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर घर में लगा CCTV कैमरा और पूरा सिस्टम भी उखाड़कर ले गए, ताकि उनकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग न बच सके।

इस मामले में भी शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज है, लेकिन चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।

चोर मस्त, पुलिस पस्त? गश्त पर भी उठे सवाल

लगातार चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय प्रभावी पुलिस गश्त दिखाई नहीं देती। ऐसे में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और पूर्व की चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

फिलहाल शिवपुर क्षेत्र में हर नई चोरी के साथ लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। घरों के बाहर ताले हैं, लेकिन लोगों के मन में एक ही सवाल है कि अगला निशाना किसका घर होगा? दूसरी ओर, शातिर चोरों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

TOP

You cannot copy content of this page