बरेका में फिर गूंजा कर्मचारियों का हक: 16 सूत्रीय प्रस्तावों के साथ डीएलडब्ल्यू मजदूर संघ का अधिवेशन संपन्न, वंदे भारत कोच निर्माण की उठी जोरदार मांग

फ़ोटो कैप्शन: बाएं से नवीन सिन्हा कार्यकारी अध्यक्ष,राकेश पाण्डेय महामंत्री, मुकेश सिंह अध्यक्ष, जय प्रकाश कोषाध्यक्ष, अविनाश पाठक संगठन सह मीडिया प्रभारी डी एल डब्लू मजदूर संघ की नई कार्यकारिणी

नवीन सिन्हा कार्यकारी अध्यक्ष डीएलडब्लू मजदूर संघ

नई कार्यकारिणी का गठन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ के नाम से होगी संगठन की नई पहचान; बोनस, पदोन्नति, भत्ते और रिक्त पद भरने समेत कर्मचारी हितों के मुद्दे उठे

वाराणसी, 30 अगस्त। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रमुख श्रमिक संगठन डीएलडब्ल्यू मजदूर संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को 16 सूत्रीय प्रस्ताव पारित करने और नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए रेलवे बोर्ड से ठोस कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही संगठन का नाम बदलकर बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ किए जाने की घोषणा की गई।

जय प्रकाश कोषाध्यक्ष डीएलडब्लू मजदूर संघ

अधिवेशन के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के उपाध्यक्ष एवं रेलवे प्रभारी अशोक कुमार शुक्ला ने संगठन की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि मजदूर संगठन ने भारतीय रेलवे के संगठित और असंगठित श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अहम की भावना, ऊंच-नीच, जात-पात और अपने-पराये से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

राकेश पाण्डेय महामंत्री डीएलडब्लू मजदूर संघ

कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रोहनिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विश्वेश्वर राय और भारतीय रेलवे मजदूर संघ के संगठन मंत्री राधा बल्लभ त्रिपाठी की गरिमामयी मौजूदगी रही।

मुकेश कुमार सिंह अध्यक्ष डीएलडब्लू मजदूर संघ

बरेका में वंदे भारत कोच बनाने की मांग

महामंत्री कृष्ण मोहन तिवारी ने संगठन की ओर से अब तक किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। अधिवेशन में पारित प्रस्तावों में बरेका के उत्पादन लक्ष्य में कमी को लेकर चिंता जताई गई। प्रस्ताव में कहा गया कि रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026-27 के लिए 460 और 2027-28 के लिए 226 लोकोमोटिव उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है।

अविनाश पाठक संगठन सह मीडिया प्रभारी डी एल डब्लू मज़दूर संघ

संगठन ने कहा कि बरेका में अब तक करीब 11 हजार लोकोमोटिव बनाए जा चुके हैं। देश में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बरेका में वंदे भारत के कोच निर्माण की जिम्मेदारी दी जाए, जिससे बरेका के कर्मचारियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलने के साथ काशी के विकास को भी गति मिलेगी।

70 प्रतिशत प्रोत्साहन भत्ता और बोनस सीलिंग बढ़ाने की मांग

अधिवेशन में बरेका कर्मचारियों को 70 प्रतिशत की दर से प्रोत्साहन भत्ता देने की मांग की गई। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को मिलने वाले पीएलबी बोनस की सीलिंग 7000 रुपये से बढ़ाकर 21 हजार रुपये करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

तकनीकी कैडर में लेवल-3 और लेवल-4 को समाप्त करते हुए कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ लेवल-7 तक देने की मांग भी रखी गई।

स्थानांतरित पद वापस लाने और रिक्तियां भरने की मांग

संगठन ने बरेका से रेलवे बोर्ड, अन्य रेलवे और दूसरे विभागों में स्थानांतरित किए गए पदों को वापस लाने तथा पदों के सरेंडर पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रस्ताव में कहा गया कि पदों के स्थानांतरण और सरेंडर के कारण कई कैडरों में पदोन्नति की प्रक्रिया प्रभावित हुई है और कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। सभी रिक्त पदों को अविलंब भरने की मांग भी की गई।

इसके अलावा लिपिकीय संवर्ग का स्ट्रेंथ रेलवे बोर्ड के यार्ड स्टिक के अनुसार बढ़ाने तथा 1 नवंबर 2023 से लंबित कैडर रीस्ट्रक्चरिंग का लाभ देने की मांग उठी।

टाइम कीपर, स्टेनो, लेखा और HA कैडर के मुद्दे भी उठे

अधिवेशन में टाइम कीपर और सामान्य वरिष्ठता समूह के कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता देने की मांग की गई। स्टेनो कैडर के भर्ती, पदोन्नति और रीस्ट्रक्चरिंग के लिए नीति बनाने की आवश्यकता बताई गई। टाइम कीपर कैडर में पदोन्नति और रीस्ट्रक्चरिंग नीति बनाकर 4600 से 4800 ग्रेड तक अपग्रेडेशन का लाभ देने की मांग की गई।

HA कैडर के कर्मचारियों की पदोन्नति में आ रही बाधाओं को दूर करने और उन्हें सभी ग्रुप-सी परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की गई। लेखा कैडर के कर्मचारियों को भी अन्य विभागों की तरह 4600 से 4800 और 5400 तक अपग्रेडेशन का लाभ देने का प्रस्ताव रखा गया।

अस्पताल में डॉक्टर-पैरा मेडिकल स्टाफ बढ़ाने की मांग

बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में लाभार्थियों की संख्या के अनुपात में डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने स्थायी स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की। अस्पताल के फार्मासिस्टों को ड्रेस एलाउंस नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए इसे तत्काल शुरू कराने की मांग भी की गई।

काशी आने वाले रेलकर्मियों के लिए 50 कमरों का हॉलिडे होम

अधिवेशन में बरेका में कम से कम 50 कमरों का हॉलिडे होम बनाने की मांग भी की गई। प्रस्ताव में कहा गया कि काशी में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है और देशभर के रेलकर्मी व उनके परिवार काशी आना चाहते हैं। ऐसे में बरेका में रेलकर्मियों के ठहरने के लिए पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है।

नई कार्यकारिणी में मुकेश सिंह अध्यक्ष, राकेश पांडेय महामंत्री

अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। मुकेश सिंह को अध्यक्ष, नवीन कुमार सिन्हा को कार्यकारी अध्यक्ष और राकेश पांडेय को महामंत्री बनाया गया। कमलेश चंद्र को संरक्षक और राहुल पांडेय को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई।

इसके अलावा अश्विनि यादव, पवन कुमार राय, अखिलेश सिंह, आलोक पांडेय, सुकेश सिन्हा, अखिलेश राय, आशुतोष श्रीवास्तव और रंजीत गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया। श्याम मोहन तिवारी को संगठन मंत्री तथा अविनाश पाठक को संगठन सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिली।

नई कार्यकारिणी में मृत्युंजय सिंह और आनंद सिंह सहायक संगठन मंत्री, अनित यादव, रवि शंकर सिंह, रंग बहादुर यादव, अंकित शर्मा, श्रवण कुमार, राम सिंह, गौरव श्रीवास्तव और विनोद सिंह सहायक महामंत्री बनाए गए। संदीप यादव, दीपक पटेल, रवि शंकर भारती, जसवंत तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, संदीप तिवारी, रवि शंकर सिंह, सतीश पाठक को उप महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई।

जय प्रकाश कोषाध्यक्ष, अमित त्रिपाठी सहायक कोषाध्यक्ष, प्रमोद कुमार शर्मा और अमित कुमार श्रीवास्तव कार्यालय मंत्री बनाए गए। शंशाक शेखर मिश्रा को सहायक मीडिया प्रभारी, अरविंद चौबे को सोशल मीडिया प्रभारी तथा आनंद राय, राजेश चौधरी, अश्विनी सिंह, अमित कुमार और श्रीदेव पांडेय को प्रचार मंत्री बनाया गया।

अधिवेशन के समापन के साथ संगठन ने कर्मचारी हितों से जुड़े 16 सूत्रीय प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

TOP

You cannot copy content of this page