शिवपुर में चोरों का आतंक, दो दुकानों के ताले तोड़कर हजारों का सामान पार

शिवपुर, वाराणसी। शिवपुर में चोरों का कार्य अनवरत जारी है। एक दशक से बंद पड़े पुष्पराज सिनेमा हाल का परिसर अब औद्योगिक गोदाम में तब्दील हो चुका है, जहां कई दुकानें संचालित होती हैं। इसी परिसर में चोरों ने 8 सितंबर की रात रवि शंकर विश्वकर्मा और संजय विश्वकर्मा की दुकानों को निशाना बनाया।

सुबह दुकान पहुंचे तो टूटे मिले ताले

रवि शंकर विश्वकर्मा और संजय विश्वकर्मा की दुकानें आपस में सटी हुई हैं। नित्य की भांति दोनों रात में काम समाप्त करने के बाद अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो दोनों दुकानों के ताले टूटे मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस की 112 सेवा को सूचना दी गई।

खराद मशीन के महंगे पार्ट और औजार ले गए चोर

दुकानदारों के अनुसार दोनों दुकानों में खराद मशीनें लगी हैं। इन मशीनों पर वाहनों के विभिन्न पार्ट तैयार किए जाते हैं, जिनमें कई पार्ट महंगे होते हैं। चोर दुकानों से खराद मशीन के कुछ जरूरी पार्ट और अन्य औजार चोरी कर ले गए।

रवि शंकर और संजय विश्वकर्मा के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये है।

सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है। शिवपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

TOP

You cannot copy content of this page