पांडेयपुर में सुबह-सुबह सनसनी: साड़ी कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, हालत नाजुक

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर चौराहा स्थित आजमगढ़ मार्ग पर गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रतिष्ठित साड़ी व्यवसायी विजेंद्र सोनी (52) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल विजेंद्र को परिजन तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। गोली सिर में फंसी होने के कारण उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक विजेंद्र सोनी रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से लगभग 30 मीटर आगे बढ़ने के बाद उन्होंने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य भी वहां पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विजेंद्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

विजेंद्र सोनी तीन भाइयों में मंझले हैं। पांडेयपुर में एक ही परिसर में तीनों भाइयों के प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। परिसर में नीचे श्रीराम ज्वेलर्स और ऊपर श्रीराम साड़ी घर स्थित है। विजेंद्र साड़ी का कारोबार संभालते हैं। उनके बड़े भाई नरेंद्र सोनी ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं, जबकि छोटे भाई जितेंद्र सोनी का पास में ही जय मां दुर्गा ज्वेलर्स नाम से प्रतिष्ठान है।

परिवार में विजेंद्र की पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों ने बताया कि विजेंद्र पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनका वेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। हालांकि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन उन्हें ट्रामा सेंटर ले जा चुके थे। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।

कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि घटना सुबह करीब 5 बजे की है। फिलहाल घायल का इलाज प्राथमिकता है। इसके बाद पिस्टल के लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच की जाएगी।

डॉक्टरों के मुताबिक एक्स-रे और अन्य जांचों के बाद उनकी स्थिति को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। घटना के बाद परिवार में शोक और चिंता का माहौल है।

TOP

You cannot copy content of this page