श्रेया हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली, 15 दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर परिजनों ने कहा – पुलिस पड़ गई ढीली

पिता और दोस्त पहुंचे जेल, लेकिन हत्यारा विवेक चौबे अभी भी फरार पेशेवर की तरह मिटाए सारे सबूत

वाराणसी-(काशीवार्ता)- 18 अगस्त को हुई बीएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मुख्य आरोपी विवेक चौबे वारदात के 15 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि इस हत्याकांड में शामिल उसके पिता और दोस्त पुनीत मिश्रा को पुलिस जेल भेज चुकी है। राजातालाब के मरुई गांव की रहने वाली श्रेया के परिजनों का आरोप है कि शुरुआती तेजी दिखाने के बाद अब पुलिस इस मामले में ढीली पड़ गई है। परिजनों ने डीसीपी गोमती जोन से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी विवेक चौबे कोई आम अपराधी नहीं है। उसने हत्या की पूरी प्लानिंग पेशेवर अपराधियों की तरह की थी। वारदात के बाद उसने न सिर्फ अपना मोबाइल बंद कर दिया बल्कि अपने सभी डिजिटल सुराग भी मिटा दिए हैं। इसी वजह से क्राइम ब्रांच की चार टीमें बिहार, झारखंड और कोलकाता तक दौड़ लगा रही हैं लेकिन उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। अब पुलिस को मुखबिरों और मैनुअल इंटेलिजेंस पर ही भरोसा है। दूसरी तरफ पुलिस ने आरोपी पर शिकंजा कसने के लिए इनाम घोषित करने की फाइल तैयार कर ली है। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सवाल ये है जब पिता और दोस्त जेल में हैं तो मुख्य आरोपी विवेक चौबे आखिर पुलिस को चकमा कैसे दे रहा है?

TOP

You cannot copy content of this page