तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों पर उड़ाया कीचड़ भरा पानी, विरोध करने पर एडवोकेट की पिटाई और चेन छीनने का आरोप

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार चालक की कथित लापरवाही और दबंगई का मामला सामने आया है। बारिश के बाद सड़क पर जमा कीचड़ भरा पानी बाइक सवारों पर उड़ाने का विरोध करने पर मारपीट और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लोहता पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विशुनपुर निवासी अधिवक्ता दिव्य सिंह ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 30 अगस्त की शाम करीब 7:40 बजे वह अपने मित्र ओमप्रकाश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। सनलाइट पब्लिक स्कूल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई टाटा अल्ट्रोज कार UP 65 FM 6914 के चालक ने सड़क पर जमा बारिश का पानी दोनों पर उड़ा दिया। इससे दोनों बुरी तरह भीग गए और दुर्घटना होते-होते बची।

आरोप है कि विरोध करने पर कार चालक सामर्थ सिंह ने गाली-गलौज करते हुए अधिवक्ता का कॉलर पकड़कर लात-घूंसों से मारपीट की और गले में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की चेन छीन ली। आरोप है कि इसके बाद उसने फोन कर 10-15 अज्ञात लोगों को बुला लिया, जिन्होंने ईंट-पत्थर से दोनों की पिटाई की। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मु0अ0सं0 0253/2026 के तहत सामर्थ सिंह और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धाराओं 191(2), 115(2), 352 और 304(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page