वाराणसी रेलवे कॉलोनियों में अब सिलेंडर की झंझट खत्म! पहली बार पीएनजी आपूर्ति के लिए रेलवे और गेल इंडिया के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता

वाराणसी। रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार वाराणसी मंडल और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच रेलवे कॉलोनियों में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से रेलवे आवासों में जल्द ही पाइपलाइन के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध गैस आपूर्ति शुरू होगी।

वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की मौजूदगी में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह और गेल इंडिया के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रेलवे और गेल इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि पीएनजी सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन है। इसके शुरू होने से एलपीजी सिलेंडर की निर्भरता समाप्त होगी, मीटर आधारित पारदर्शी बिलिंग होगी और कर्मचारियों को अधिक सुविधाजनक गैस सेवा मिलेगी।

गेल इंडिया के महाप्रबंधक ने बताया कि पीएनजी से सिलेंडर बुकिंग, भंडारण और बदलने की परेशानी खत्म होगी तथा गैस की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित होगी। समझौते के तहत वाराणसी की रेलवे कॉलोनियों और रेलवे संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। एमओयू के बाद रेलवे कॉलोनियों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page