
रोहनिया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से बुधवार को अमरा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर कुशल एवं अकुशल लाइनमैनों के लिए विशेष सुरक्षा एवं कार्यकुशलता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य तकनीकी कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने के लिए जागरूक करना और “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को साकार करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में अधिशाषी अभियंता बरईपुर इंजीनियर अभिषेक कुमार तथा उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव ने लाइनमैनों को विद्युत कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिस्चार्ज रॉड, सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही और अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लाइनमैनों को फील्ड में आने वाली चुनौतियों से सुरक्षित तरीके से निपटने के व्यावहारिक सुझाव भी दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और कार्यस्थल पर सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित हो।
