
वाराणसी (काशीवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के ट्रक और कंटेनर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। वहीं, कंटेनर का खलासी बाल-बाल बच गया।
सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कटर से कंटेनर का लोहे का हिस्सा काटकर चालक उदय को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी पहचान और निवास स्थान की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि कंटेनर राजस्थान से प्रयागराज जा रहा था। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंगते हुए निकलते रहे। बाद में हाइड्रा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कंटेनर चालक को झपकी आना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से चालक को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
