वाराणसी। नमामि गंगे गंगा विचार मंच की जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ से महमूरगंज स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर गंगा तट स्थित शिवालयों की स्थिति से अवगत कराया। संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पत्र सौंपकर गंगा किनारे वर्षों से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की जानकारी दी तथा बदहाल पड़े मंदिरों के संरक्षण की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रहलाद घाट, त्रिलोचन घाट, गायघाट, पंचगंगा घाट, केदारघाट सहित कई घाटों की मढ़ियों और सीढ़ियों पर स्थापित महादेव के अनेक शिवलिंग खंडित हो चुके हैं। साथ ही मंदिरों की नियमित साफ-सफाई एवं पूजन-व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ की तरह इन शिवलिंगों के नियमित पूजन एवं देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान आयुष मंत्री की उपस्थिति में काशी के धार्मिक इतिहास के जानकार चंद्रशेखर द्रविड़ से भी इस विषय पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में गंगा सेविका किरण पांडेय और चारुशिला सिन्हा शामिल रहीं। इस अवसर पर पार्षद संजय विशम्भरी, राजेश वर्मा, शंभू साहनी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
