वाराणसी-(काशीवार्ता)- सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में गुरुवार रात जमीनी रंजिश के चलते एक दर्दनाक हत्या की घटना सामने आई। मकान और जमीन के पुराने विवाद में चचेरे भाई बबलू सिंह ने 21वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल सौरभ को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू काद्दयान, एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, एसीपी प्रशांत सिंह और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
