घाटों पर हाई अलर्ट सीपी का सख्त एक्शन 58 नावें सीज, 22 वाहन जब्त पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

वाराणसी -(काशीवार्ता)- पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने को दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, नमो घाट एवं अस्सी घाट क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आमजन की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि घाट क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया तक पैदल भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण हटाने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं नमो घाट से अस्सी घाट तक निरीक्षण करते हुए एनडीआरएफ एवं जल पुलिस को सतर्क और सक्रिय रहने, सुरक्षा उपकरणों को अद्यावधिक रखने तथा नाविकों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंगा घाटों एवं नदी क्षेत्र में नशीले पदार्थों का सेवन तथा अपशिष्ट फेंकना पूर्णतः प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घाट क्षेत्रों में स्टंट एवं खतरनाक करतब दिखाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। साथ ही गंगा में जल विहार करने वाले सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्यकर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत नियमों की अवहेलना करने वाले नाविकों के विरु द्ध अब तक 31 अभियोग पंजीकृत किए गए है तथा 58 नावों को सीज़ किया गया है। इसके अलावा “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। चेकिंग अभियान के दौरान 22 वाहनों को सीज़ किया गया, जबकि 529 वाहनों का चालान कर कुल 10 लाख 62 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

TOP

You cannot copy content of this page