
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का उदाहरण देखने को मिला। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गंभीर बीमारी के कारण दिवंगत हुए मुख्य आरक्षी स्व. रवि प्रकाश सिंह की पत्नी को ₹20 लाख की बीमा धनराशि का चेक सौंपकर परिवार के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराया।
पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय अधिकारियों की उपस्थिति में बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रहकर समाज की सुरक्षा का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की नैतिक और प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दिवंगत मुख्य आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बैंक ऑफ बड़ौदा के आरबीडीएम धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि यह राशि यूपी पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है, जिससे पुलिसकर्मियों के परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहायता मिल सके।
इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नई पुलिस सैलरी पैकेज योजना की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत दुर्घटना बीमा कवरेज बढ़ाकर ₹2.30 करोड़ तक कर दिया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
यह पहल इस बात का प्रमाण है कि पुलिस विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के साथ हर सुख-दुख में मजबूती से खड़ा रहता है।
