
रामनगर (वाराणसी)। रामनगर थाना क्षेत्र स्थित विश्व सुंदरी पुल के नीचे सोमवार सुबह पुलिस और एक शातिर गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान कंटेनर छोड़कर भाग रहे आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल तस्कर की पहचान मोहम्मद एजाज पुत्र हकीम मियां, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गोवंश लादकर पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर रामनगर पुलिस ने विश्व सुंदरी पुल के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला और पुल के नीचे पहुंचकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एजाज के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 30 गोवंश बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार एजाज के खिलाफ गौ तस्करी, गैंगस्टर समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी 6 से 7 बार जेल जा चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
