
वाराणसी (काशीवार्ता)।
राजातालाब क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव और उफनती नालियों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के राजातालाब इलाके के रथयात्रा मार्ग पर नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्रवाई पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता के सत्याग्रह और मीडिया में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद शुरू हुई।
बताया जा रहा है कि इलाके में नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी थीं, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। लोगों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता ने दो दिन पहले सड़क पर बह रहे सीवर के पानी में अर्धनग्न होकर सत्याग्रह किया था। इस विरोध प्रदर्शन की खबर मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित हुई, जिसके बाद संबंधित विभाग हरकत में आया।
अब आराजीलाइन विकास खंड की ओर से रथयात्रा मार्ग स्थित कचनार और रानी बाजार गांव की नालियों की सफाई तथा उनमें जमी गाद निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
राजकुमार गुप्ता ने बताया कि वर्षों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई थी। उन्होंने इस समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाया, जिसके बाद सफाई अभियान शुरू हुआ। क्षेत्रीय लोगों ने इसके लिए राजकुमार गुप्ता और मीडिया का आभार जताया है।
